कैंसर का इलाज कराने के नाम पर 25 लोगों से 90 लाख ठगे
- पैसे लेने के बाद मकान बेचकर फरार हुई महिला, मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा।
कैंसर का इलाज कराने के नाम पर 25 लोगों से करीब 90 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने सेक्टर-39 कोतवाली में शिकायत की है। आरोप है कि पैसे लेने के बाद महिला अपना मकान बेचकर फरार हो गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक सेक्टर-36 में एस अग्रवाल (50) परिवार के साथ मकान में रहती थी। उनके पति नोएडा के एक निजी कंपनी में जॉब करते थे। महिला लंबे समय से सेक्टर में रहती थी और उसने सेक्टर में रहने वाले करीब 25 महिलाओं व पुरुषों से कैंसर का इलाज कराने के नाम पर 90 लाख रुपये उधार लिए थे। सेक्टर में ही मकान होने के कारण लोग उसकी मदद के लिए आगे आते रहे। रुपये लेने के दौरान आरोपी महिला यह भी गुजारिश करती थीं कि इस बात का जिक्र दूसरे किसी व्यक्ति से न करें। अगर बात दूसरे लोगों तक जाएगी तो लोग उनसे बचने लगेंगे।
आरोप है कि कुछ दिनों पहले एक-एक करके महिलाओं ने आपस में जिक्र करना शुरू किया तो पूरा मामला सामने आ गया। इस पर महिलाओं ने रुपये का तगादा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान महिला सेक्टर के ही एक व्यक्ति को मकान बेचकर परिवार के साथ फरार हो गई। बताया जाता है कि महिला ने मकान बेचने के बाद कुछ लोगों के पैसे लौटाएं भी हैं। पीड़िताओं की ओर से कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इंस्पेक्टर अनिल कुमार शाही का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं महिला से मकान खरीदने वाले जोंगेद्र उप्पल ने कहा है उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि महिला ने किसी से पैसे ले रखे हैं।
कोट
मेरा काम मकान-प्लॉट खरीदने-बेचने का है। सेक्टर में मकान बिक्री के लिए आया तो पूरा भुगतान करने के बाद मकान खरीदा गया है। बाकायदा टीएम और रजिस्ट्री हुई है। जिसके दस्तावेज सेक्टर के कुछ लोगों को भी दिखाए हैं। हालांकि मुझे इसकी जानकारी नहीं है कि महिला ने किसी से पैसे ले रखे थे। - जोगेंद्र उप्पल, अध्यक्ष आरडब्ल्यूए सेक्टर-36