हेडिंग: फिल्म निर्माता से इवेंट मैनेजर ने ठगे 50 लाख
फिल्म का प्रमोशन कराने के लिए कार्यक्रम करना था
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। फिल्म निर्माता ने सेक्टर-20 कोतवाली में एक इवेंट मैनेजर के खिलाफ 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उसके बाद रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस को मुंबई भेजा जाएगा।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-33 निवासी विशाल राज फिल्म निर्माता हैं। उनकी हाल ही में एक फिल्म रिलीज हुई है। फिल्म प्रमोशन के सिलसिले में उनको कार्यक्रम करने पड़ते हैं। विशाल का आरोप है कि दो साल पहले एक कार्यक्रम आयोजित कराने के लिए केरल निवासी एसएम जोसेफ ने इवेंट करवाने के लिए 50 लाख रुपये 2-3 किस्तों में लिए थे। वह मुंबई में ही रहता है, लेकिन उसने कार्यक्रम भी नहीं किया और पैसे भी नहीं दिए। एक साल से लगातार रुपये मांग रहे हैं, लेकिन वह पैसे वापस नहीं कर रहा है। रुपये का लेन-देन और बात नोएडा में उनके घर पर ही हुई थी। इंस्पेक्टर मनीष सक्सेना का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।