चुनावी रंजिश में सरपंच पक्ष के लोगों पर मारपीट का आरोप
चुनावी रंजिश में सरपंच और उसके परिवार के सदस्यों द्वारा दूसरे पक्ष के लोगों पर लाठी, डंडे, सरिये व हथियार से हमला कर मारपीट की गई। हमले में पीड़ित पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज नल्हड़ नूंह में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर सरपंच सहित 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गांव शिकारपुर निवासी महमूद ने बताया कि शाम के समय खेत में गेहूं की थ्रेशिंग करा रहा था। उसी दौरान उसके घर पर लगे मोबाइल टावर पर कंपनी का कर्मचारी देवकीनंदन जनरेटर लेकर पहुंचा। वह जब घर के पास रास्ते में खड़ा था तो सरपंच परिवार से असलूप उसके पास आया और उसके साथ अभद्रता की व गाली दी। आरोपी ने कर्मचारी को जनरेटर में आग लगाने की धमकी भी दी। कर्मचारी ने उक्त मामले की सूचना फोन पर महमूद को दी। जब वह मौके पर पहुंचा तो आरोपी उसे भी गाली देने लगा और परिवार के सदस्यों को बुला लिया। सभी ने लाठी, डंडे, सरिये व हथियार से उस पर हमला कर दिया। पीड़ित ने दीवार फांदकर मुश्किल से जान बचाई। शोर सुनकर आई पत्नी रूबीना, पुत्र आदिल के साथ भी मारपीट की गई। जिसकी वजह से पत्नी बेहोश हो गई। आरोपियों ने पत्नी के कपड़े भी फाड़ दिए। आरोपियों ने पथराव व फायरिंग भी की। लेकिन वह बाल-बाल बच गए।
पीड़ित का आरोप है कि सरपंच खेरूनिशा के मुकाबले उसकी भतीजी ने सरपंच का चुनाव लड़ा था। जिसने फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर चुना लड़ा और जीता था। जिसकी शिकायत उसने प्रशासन से की हुई है तथा कोर्ट में मामला दायर किया हुआ है। जिसकी वजह से आरोपी उनके परिवार के साथ रंजिश रखते हैं। पीड़ित ने आरोपियों पर अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की फरियाद लगाई है। पुलिस ने सलमुदीन, अशफाक, जुनैद, इकबाल, साहून, आकिल, जाबिर, खैरूनिशा व हफीजन समेत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।