ओएलएक्स पर खरीदारी का झांसा
देकर सेवानिवृत्त कर्नल से ठगी
- फर्नीचर खरीदने के लिए मांगी बैंक खाते की सूचना और निकाल ली रकम
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। सेना के एक सेवानिवृत्त अधिकारी ने पुराना फर्नीचर बेचने के लिए ओएलएक्स पर सूचना अपलोड की। उनके पास एक साइबर अपराधी का फोन आया और उसने खाते में रकम भेजने की बात कह विवरण ले लिया। उनके फोन पर ओटीपी आया तो वह भी उसने पूछ लिया और उनके खाते से 62 हजार रुपये निकाल लिए।
सेक्टर-82 की एक सोसायटी में परिवार के साथ रहने वाले कर्नल (सेवानिवृत्त) एके पांडेय ने घर का कुछ पुराना फर्नीचर बेचने के लिए ओएलएक्स साइट पर फोटो डाले थे। इनके साथ मोबाइल नंबर भी दिया था। 20 मार्च की शाम उनके पास एक व्यक्ति ने फर्नीचर खरीदने के लिए फोन किया और फर्नीचर का सौदा तय कर लिया। उसने पैसा ऑनलाइन खाते में भेजने के नाम पर खाते की सूचनाएं मांगीं और डेबिट कार्ड का नंबर भी ले लिया। कुछ ही देर में उनके फोन पर ओटीपी आया तो उसने इसकी भी जानकारी ले ली। आरोपी ने उनके खाते से दो बार में 62 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर खाते में पैसा आने के बजाय निकलने का मैसेज आया तो उन्हें ठगी का अहसास हुा। उन्होंने फेज-दो थाने में शिकायत दी। इंस्पेक्टर फरमूद अली पुंडीर ने बताया कि धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।