कार तलाशी लेने पर 1 लाख 60 हजार बरामद
फिरोजपुर झिरका। तिजारा नाका से पुलिस की टीम ने एक कार से 1 लाख 60 हजार रुपये नकदी बरामद की है। यह कार तिजारा( राजस्थान) से फिरोजपुर झिरका की ओर आ रही थी। टीम ने जब पूछताछ की तो कार चालक ने पकड़ी गई रकम के संबंध में कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर पाया। इसके बाद टीम ने कार चालक के खिलाफ कार्रवाई कर राशि जब्त कर ली।
टीम के प्रभारी ओमदत्त ने बताया कि मंगलवार रात लगभग 11 बजे तिजारा नाके पर वाहनों की जांच की जा रही थी तभी एक कार तिजारा ( राजस्थान) की ओर से आई। कार की जांच की गई तो उसमें 1 लाख 60 हजार रुपये मिले। कार चालक साकिर से पूछताछ की गई तो वह कार से मिली राशि के संबंध में ठोस जानकारी नहीं दे पाया। जांच टीम ने मामले की जानकारी चुनाव अधिकारी रीगन कुमार को दी। इस संबंध में रीगन कुमार ने बताया कि साकिर मुर्गे की सप्लाई का काम करता है। उन्होंने कहा कि अभी तक पकड़ी गई राशि से चुनाव प्रभावित का मामला सामने नहीं आया है।