तीन तलाक का विरोध करने पर महिला भाजपा नेता को धमकी
नोएडा। महानगर भाजपा के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की अध्यक्ष को तीन तलाक का विरोध करने पर मौलाना सहित दो लोगों ने धमकी दी है। महिला भाजपा नेता ने कोतवाली सेक्टर-24 में शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से मुजफ्फरनगर निवासी जीनत जमाल अंसारी परिवार के साथ सेक्टर-12 में रहती हैं। जीनत पीएचडी हैं और भाजपा महिला अल्पसंख्यक मोर्चा की महानगर अध्यक्ष हैं। उनके पति इंजीनियर हैं। चुनाव प्रचार के दौरान जीनत ने तीन तलाक का जमकर विरोध किया था। इसका पार्टी के एक मुस्लिम कार्यकर्ता ने वीडियो बना लिया था। इस वीडियो को वायरल करने की धमकी देते हुए कार्यकर्ता ने जीनत से माफी मांगने के लिए कहा। जीनत ने माफी मांगने से इनकार कर दिया और तीन तलाक का विरोध जारी रखा। इस बीच कार्यकर्ता ने उनके वीडियो को कुछ मौलानाओं को दिखाया और मोबाइल से जीनत की बात भी कराई। आरोप है कि मौलानाओं ने महिला को घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने महिला के घर पर जल्द आने की बात भी कही। इसके बाद जीनत ने पुलिस से शिकायत की। कोतवाली सेक्टर-24 के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तरफ से दी गई ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है।