हापुड़, गाजियाबाद के ध्यानार्थ-----
नाटक में रोल दिलाने के नाम पर पांच लाख ठगे
- सेक्टर-20 पुलिस से की पीड़ित युवक ने शिकायत
- पुलिस ने मामला गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र का बताया
- करीब 19 दिन तक कुछ प्रमुख नाटकों के कि रदारों की एक्टिंग भी कराई थी
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। नाटक में रोल दिलाने के नाम पर तीन युवकों ने पांच लाख रुपये ठग लिए। कई माह बीतने के बाद भी न तो नाटक में रोल मिला और न ही पैसे वापस मिले। पीड़ित ने सेक्टर-20 कोतवाली में मामले की शिकायत की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हापुड़ के असौड़ा निवासी वीके त्यागी पिलखुआ स्थित एक कॉलेज से फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई कर रहा है। वह मॉडलिंग में भी हाथ आजमा रहा है। गाजियाबाद में फरवरी माह में एक मॉडलिंग प्रतियोगिता के दौरान उसकी मुलाकात आदिल खान, मुकेश और संजय सिंह से हुई। तीनों ने उसकी मॉडलिंग की तारीफ करते हुए छोटे पर्दे पर हाथ आजमाने के लिए सलाह दी। साथ ही एक नाटक में उसे रोल दिलाने का भी दावा किया। कुछ दिन बाद युवक से युवकों ने फोन पर संपर्क कर नोएडा के सेक्टर-15 स्थित एक फ्लैट पर बुलाया। वहां पर नाटक में किरदार दिलाने की बात हुई और फिर उससे पांच लाख रुपये की मांग कर दी। युवक ने चार किस्तों में पांच लाख रुपये दे दिए। पीड़ित का आरोप है कि एक माह बाद मार्च में आरोपियों ने उसे सेक्टर-15 स्थित एक फ्लैट पर फिर बुलाया और वहां पर कुछ लोगों को बुलाकर उसका स्क्रीनिंग टेस्ट लिया। वहीं पर करीब 19 दिन तक उससे कुछ प्रमुख नाटकों में किरदार बनाकर फर्जी तरीके से एक्टिंग भी कराई। इसके बाद उसे बताया गया कि मुंबई में जाकर नाटक के निर्देशक से मिलना है और 5 अप्रैल को उसे फ्लाइट की टिकट मुहैया कराई जाएगी। मगर उसके बाद से आरोपियों का फोन बंद हो गया। पीड़ित गाजियाबाद से लेकर नोएडा तक के पतों पर उनकी तलाश का प्रयास करता रहा, मगर उसे कोई कामयाबी नहीं मिली। उसने सेक्टर-20 पुलिस से शिकायत की है। हालांकि सेक्टर-20 प्रभारी इंस्पेक्टर मनीष सक्सेना का कहना है कि युवक से ठगी का मामला गाजियाबाद कविनगर थाना क्षेत्र का है। इसलिए युवक को वहां भेज दिया है।