अश्लील हरकत का विरोध करने पर दिव्यांग महिला के साथ मारपीट
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर झिरका। एक दिव्यांग महिला को अश्लील हरकत करने वाले का विरोध करना महंगा पड़ गया। दबंगों ने महिला के साथ बुरी तरह से मारपीट कर उसे जख्मी कर दिया। पीड़िता पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंची तो पुलिस ने सहयोग नहीं किया। घटना के 48 घंटे बीत जाने पर भी कोई सहयोग और कार्रवाई न होने पर पीड़ित और परिवार न्याय के लिए दर-दर भटक रहे हैं। मामला रनियाली गांव का है।
दिव्यांग महिला शुक्रवार को घर पर अकेली थी। पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने घर में घुसकर उससे अश्लील हरकत करनी शुरू कर दी। वह लगातार विरोध करती रही। बाद में आरोपी ने अपने परिवार को भी वहां बुला लिया और मारपीट करना शुरू कर दिया। इस दौरान महिला को काफी चोट लगी। हाथ बुरी तरह से जख्मी हो गया। इसके बाद दिव्यांग महिला परिवार के साथ सुरक्षा के लिए फिरोजपुर झिरका थाने पहुंचा। वहां पुलिसकर्मियों ने शिकायत दर्ज नहीं की और इलाज के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। शनिवार को फिर पीड़ित परिवार थाने पहुंचा लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस दबंग के खिलाफ केस दर्ज करने में कतरा रही है। वहीं, फिरोजपुर झिरका थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि उनके संज्ञान में मामला नहीं है। दिव्यांग महिला की शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी।