दलित प्रेरणा स्थल मामला :
दंपती के खिलाफ भी सुरक्षा गार्डों ने की शिकायत
-कर्नल मामले से सबक लेकर पुलिस फूंक-फूंककर रख रही कदम
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। रक्षाबंधन के पर्व पर दलित प्रेरणा स्थल में एक व्यक्ति ने सुरक्षा गार्डों पर अपनी गर्भवती पत्नी के साथ मारपीट करने का मामला दर्ज कराया था। सोमवार को सुरक्षा गार्डों की ओर से भी दंपती के खिलाफ मारपीट की शिकायत की है। जिस पर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की जांच करनी शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस कर्नल प्रकरण से सबक लेकर कार्रवाई कर रही है, चूंकि यह सुरक्षा गार्ड दलित प्रेरणा स्थल में विशेष तौर पर सुरक्षा के लिए तैनात किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि दिल्ली के पुष्प विहार निवासी अमित पटेल रविवार को अपनी गर्भवती पत्नी के साथ नोएडा आए थे। उनकी पत्नी ने राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल में घूमने की इच्छा जताई तो वह परिवार के साथ टिकट लेकर अंदर प्रवेश कर गए। दलित प्रेरणा की सुंदरता देखकर दंपती ने फोटो खींचने और सेल्फी लेनी शुरू कर दी। इसका गार्डों ने विरोध किया तो दोनों के बीच बहस हो गई। पीड़ित का आरोप है कि 5 सुरक्षा गार्डों ने उनकी गर्भवती पत्नी के साथ मारपीट की। सीओ अवनीश कुमार का कहना है कि दंपती की ओर से गार्डों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा चुका है और अब गार्डों ने भी तहरीर दी है। जिसकी जांच की जा रही है। फुटेज मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।