गाजियाबाद के ध्यानार्थ
--
वाहन चोर गिरोह के तीन गिरफ्तार
- उम्र की तस्दीक किए बगैर जारी की तीनों आरोपियों की पहचान, बाद में एक को बाल सुधार गृह भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा।
बिसरख पुलिस ने बुधवार को वाहन चोरी के गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन वाहन चोरों को पकड़ा है। तीनों के कब्जे से तीन वाहन बरामद हुए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों की उम्र के बारे में तस्दीक किए बगैर प्रेस नोट में उनकी पहचान उजागर कर दी। हालांकि बाद में एक आरोपी को बाल सुधार गृह भेज दिया गया। पकड़े गए दो अन्य आरोपियों की पहचान आकाश और चमन के रूप में हुई है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बिसरख पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान तीन आरोपियों को चोरी की बाइक के साथ पकड़ लिया है। तीनों आरोपी गाजियाबाद के निवासी हैं। पुलिस का दावा है कि तीनों के पास से पुलिस ने तीन बाइक बरामद किए हैं। इनमें से आरोपी आकाश और चमन बालिग हैं। जबकि तीसरे आरोपी को नाबालिग बताया जा रहा है। पुलिस इस आरोपी की जन्मतिथि की तस्दीक नहीं कर पाई है।
बुधवार को पुलिस की मीडिया सेल ने प्रेस को तीनों आरोपियों की फोटो, नाम और पते जारी कर दिए। इनमें से संभावित नाबालिग की भी जानकारी और फोटो थी। फोटो में एक आरोपी नाबालिग प्रतीत हो रहा है। परिवार वालों ने भी उन्हें नाबालिग बताया है। बाद में पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने नाबालिग आरोपित को बाल सुधार गृह भेजा और दो अन्य आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है।
---
बाइक चोरी के आरोप में तीन आरोपियों को पकड़ा गया है। तीनों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। इनमें से एक आरोपी की जन्मतिथि की तस्दीक नहीं हो पाई है, जिसकी जांच की जा रही है। फिलहाल उसे बाल सुधार गृह भेजा गया है। - अनिल शाही, कोतवाली प्रभारी बिसरख।