कार सवार बदमाशों ने तीन लोगों से नकदी और मोबाइल लूटे
- ओएलएक्स पर सस्ती गाड़ी बेचने का झांसा देकर बुलाया था फिरोजपुर झिरका
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर झिरका।
नूंह जिले में ओएलएक्स पर सस्ती गाड़ी बेचने का झांसा देकर लोगों को लूटने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। झारखंड और साइबर सिटी गुुरुग्राम के तीन व्यक्तियों को चार बदमाशों ने बुलाकर उनसे 40 हजार रुपये और तीन मोबाइल लूट लिए। बदमाशों ने इन तीनों की पिटाई भी की, जिससे वह पूरी तरह से दहशत में हैं। बदमाशों का शिकार हुए पीड़ितों ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवा दी है।
झारखंड के जिला रांची के सुखदेव नगर निवासी शिवकुमार तिवारी ने बताया कि ओएलएक्स पर सस्ती गाड़ी बेचने का विज्ञापन देखा, जिसके बाद विज्ञापन पर दिए गए नंबर पर संपर्क किया। गाड़ी बेचने वालों ने फिरोजपुर झिरका बुुलाया। पीड़ित अपने दो साथियों गुरुग्राम निवासीशैलेष कुमार मिश्रा और राजकुमार पांडेय को साथ लेकर 28 मार्च को सुबह आठ बजे फिरोजपुर झिरका के अंबेडकर चौक पहुंच गया। वहां पर बदमाशों की कार खड़ी मिली। कार दो लोग सवार थे। वे उनको गाड़ी में बैठाकर साकरस गांव की तरफ से ले जाने लगे। गांव के पास इन बदमाशों के दो साथी बदमाश और मिल गए। चारों बदमाशों ने इनके साथ मारपीट की और इनसे 40 हजार रुपये और तीनों मोबाइल फोन लूट लिए। वारदात के बाद महूं गांव के पास बदमाशों ने उन्हे चलती गाड़ी में रोड पर फेक दिया और फरार हो गए। किसी तरह वह फिरोजपुर झिरका पुलिस थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाई। थाना प्रभारी रतनलाल का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
फोटो--बदमाशों की लूटपाट का शिकार हुए पीड़ित।