11 दिन बाद भी लूटपाट की रिपोर्ट दर्ज नहीं, सीएम और डीजीपी को ट्वीट
हरकत में आई पुलिस, बदमाशों ने की थी सेल्स मैनेजर से लूटपाट, लापरवाही बरतने वालों पर होगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर बदमाशों ने हथियार के बल पर सेल्स मैनेजर से मोबाइल और नगदी लूट ली। सूचना के बाद पुलिस पहुंची लेकिन तहरीर लेने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। हारकर पीड़ित ने रविवार को मुख्यमंत्री और डीजीपी को ट्वीट कर दिया। जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और रिपोर्ट लिखने की बात कह रही है। मूलरूप से बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी नवीन कुमार सेक्टर-15 में रहते हैं। सेक्टर-16 की फर्नीचर कंपनी में वह सेल्स मैनेजर है। आरोप है कि किसी काम से वह 6 मार्च को सूरजपुर गए थे। वहां से नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-124 कट के पास स्कूटी सवार दो बदमाशों ने बाइक ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। फिर उन पर तमंचा तान दिया और मोबाइल, पर्स में रखे 2200 रुपये लूट लिए। जाते जाते बाइक का लॉक लगाकर चाबी ले गए। पीड़ित ने राहगीर की मदद से पुलिस को सूचना दी। सेक्टर-39 पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और बाइक भी चौकी पर खड़ी कराई। फिर तहरीर लिखवाकर भेज दिया। 11 दिन बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
वर्जन
लूट की घटना में रिपोर्ट दर्ज नहीं होने की जानकारी ट्वीट से मिली है। संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर खुलासा किया जाएगा।
सुधा सिंह, एसपी सिटी नोएडा।