भाजपा कार्यकर्ता पर बिजली चोरी का मामला दर्ज
दादरी। बिजली विभाग के अधिकारी ने भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता पर बिजली चोरी कराने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। दादरी स्थित वैदिक कन्या मॉडर्न स्कूल में बिजली की चोरी की जा रही थी। छापामारी के दौरान बिजली चोरी होना पाया गया था।
पुलिस ने बताया कि दादरी के धूममानिकपुर स्थित विद्युत उपकेंद्र पर तैनात जूनियर इंजीनियर मनोज कुमार शुक्रवार को टीम के साथ चेकिंग करते हुए वैदिक कन्या मॉडर्न स्कूल पहुंचे। वहां छापामारी में अवैध रूप से केबल डालकर बिजली चोरी होना पाया गया। टीम ने बिजली चोरी की कार्रवाई करते हुए प्रयोगकर्ता भाजपा के वरिष्ठ नेता जतन लाल गर्ग के खिलाफ दादरी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामसेन सिंह ने बताया कि जूनियर इंजीनियर की तहरीर पर बिजली चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। वहीं, डा. जतन लाल गर्ग का कहना है कि मीटर नहीं लगाया गया है। कई बार बिजली घर गए थे। कोई सुनवाई नहीं हुई और न ही बिजली का बिल दिया गया है। रिपोर्ट की कोई जानकारी उनको नहीं है। ब्यूरो