हेडिंग: कार में लिफ्ट देकर इंजीनियर को लूटा
कार में बैठे बदमाशों ने तमंचे के बल पर दी वारदात अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। कार सवार बदमाशों ने मेकेनिकल इंजीनियर को लिफ्ट देकर लूट लिया। बदमाश इंजीनियर को गोल्फ कोर्स मेट्रो स्टेशन के पास उतारकर फरार हो गए। पीड़ित ने सेक्टर-39 पुलिस से घटना की शिकायत की है।
पुलिस के अनुसार, सुबोध कुमार दिल्ली स्थित अक्षरधाम की सोसायटी में रहते हैं। वह गुरुगाम स्थित एक कंपनी में मेकेनिकल इंजीनियर हैं। सुबोध शुक्रवार को कंपनी के एक काम से ग्रेटर नोएडा की एक कंपनी में गए हुए थे। वापसी में रात करीब 10 बजे वह वाहन का इंतजार कर रहे थे, तभी एक कार उनके सामने आकर रुकी। कार में पहले से चालक के अलावा तीन लोग सवार थे। चालक ने दिल्ली चलने की बात कहकर सुबोध को कार में बैठा लिया। सुबोध का कहना है कि कार जब महामाया फ्लाईओवर के पास पहुंची तो कार में बैठे दो बदमाशों ने उन पर तमंचा तान दिया। बदमाशों ने शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देकर उनसे मोबाइल और पर्स लूट लिया। इसके बाद बदमाश उन्हें करीब 11 बजे गोल्फ कोर्स मेट्रो स्टेशन के पास कार से उतारकर फरार हो गए। ब्यूरो