पूर्व प्रधानमंत्री के लिए अपशब्द का इस्तेमाल का मामला
व्हाट्स एप ग्रुप का एडमिन गिरफ्तार
- कांग्रेस की ओर से पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष पद प्रत्याशी रहा है आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
दनकौर। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई के लिए अपशब्द का इस्तेमाल करने पर एक व्हाट्स एप ग्रुप के एडमिन हितेश कौशिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। हितेश कांग्रेस की ओर से नगर पंचायत अध्यक्ष पद प्रत्याशी रहा है। आरोप है कि उसने व्हाट्स एप ग्रुप के डीपी पर अटल बिहारी वाजपेई का फोटो लगाने की सलाह देनेे पर अपशब्द का इस्तेमाल किया था।
कोतवाली प्रभारी फरमूद अली ने बताया कि आरोपी हितेश कौशिक ने कस्बे के लोगों को शामिल करके एक व्हाट्स एप ग्रुप बनाया हुआ है। वह ग्रुप का एडमिन भी है। शनिवार को ग्रुप के एक सदस्य ने एडमिन से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई का फोटो डीपी पर लगाने के लिए मैसेज भेजा था। इस पर हितेश कौशिक ने अपशब्द ग्रुप पर लिख दिया। शनिवार शाम बीजेपी कार्यकर्ताओं में मामले की जानकारी होने पर रोष व्याप्त हो गया था और उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।