रीडिंग लेने पहुंचे बिजलीकर्मी को सात घंटे बंधक बनाया
- रात में छूटने के बाद तीन नामजद समेत आठ के खिलाफ मामला दर्ज कराया
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र के पतवाड़ी गांव में शनिवार शाम मीटर की रीडिंग लेने पहुंचे कर्मचारी को सात घंटे तक बंधक बनाए रखाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने उसे मारपीट की और रीडिंग लेने वाली दो मशीनें छीन कर अपने पास रख ली हैं। आरोपियों के चंगुल से निकलने के बाद रात 12:30 बजे पीड़ित ने बिसरख कोतवाली में शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधा पर तीन नामजद व आठ अन्य लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
बिजली कर्मचारी दीपक माथुर ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि वह शनिवार शाम लगभग 5:30 बजे पतवाड़ी गांव के प्रदीप यादव के घर मीटर रीडिंग नोट करने गया था। आरोप है कि वहां पहुंचने पर प्रदीप ने आरोप लगाया कि बिजली का बिल ज्यादा आ रहा है। इस पर प्रदीप ने कहा कि जो मीटर रीडिंग नोट होती है उसी के हिसाब से बिल आता है। इस बात पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि प्रदीप ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दीपक के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसके पास मौजूद मीटर दो रीडिंग मशीन जब्त कर लीं। आरोप है कि उसे रात 12:30 बजे तक बंधक बनाए रखा गया। जिसके बाद एक सादे कागज पर दस्तखत कराने के बाद उसे छोड़ा गया। इस संबंध में बिसरख कोतवाली प्रभारी अनिल शाही ने बताया कि मामले में प्रदीप, महेश, सतीश व आठ अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया गया है।