फतेहपुरबेरी की घटना :
इलेक्ट्रिशियन की बहादुरी से दो बदमाश पकड़े गए
- दूर तक घसीटता चला गया, लेकिन मोबाइल छीनने वाले का पकड़ा रहा हाथ
- बैलेंस बिगड़ने से बाइक से गिरे झपटमार, एक बदमाश की पुलिस को तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। फतेहपुरबेरी थाना इलाके में इलेक्ट्रिशियन की बहादुरी के चलते दो बदमाश पकड़ गए। जबकि तीसरा बदमाश फरार होने में कामयाब हो गया। आरोपियों की पहचान अंबेडकर कॉलोनी, सतबड़ी निवासी कमल गुप्ता और छत्तरपुर निवासी शिवम सोनी के रूप में हुई। गिरफ्तार बदमाशों ने बताया कि वह पहले भी लूटपाट की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। फतेहपुरबेरी थाना पुलिस आरोपियों के साथी की तलाश कर रही है।
मूलरूप से पश्चिमी चंपारन, बिहार निवासी सद्दाम हुैसन(20) चंदनहौला, दिल्ली में रहता है और इलेक्ट्रशियन का काम करता है। वह अपने दोस्त शाबिर खान के साथ सब्जी खरीदने चांदनहौला सब्जी मार्केट जा रहा था। इस दौरान फोन पर बात करते वक्त पीछे से बाइक पर तीन युवक आए और पीछे बैठे युवक ने उसका मोबाइल छीन लिया। सद्दाम ने बदमाश का हाथ पकड़ लिया और उसका हाथ नहीं छोड़ा। बाइक चला रहे बदमाश ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। इससे सद्दाम हुसैन बाइक के पीछे घसीटता हुआ चला गया। आगे जाकर बैलेंस बिगड़ने से बाइक नीचे गिर गई। तीनों बदमाशों भी नीचे गिर गए। सद्दाम हुसैन ने साथी शाबिर खान के साथ दो बदमाशों को पकड़ लिया। तीसरा बदमाश फरार हो गया। गिरफ्तार बदमाशों ने लूटपाट की वारदात करने की बात स्वीकार की है।