700 रुपये कैश बैक का लालच देकर 12 से ठगी
- पीड़ितों ने कहा, मोबाइल पर लिंक भेजकर दिया झांसा, क्लिक करते ही खाते से उड़ी रकम
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कस्बे में रहने वाले कई लोग कैश बैक के नाम पर ठगी का शिकार हुए हैं। मामले में 12 लोगों ने सूरजपुर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि मोबाइल पर लिंक भेजकर 700 रुपये कैश बैक का झांसा दिया गया था। लिंक क्लिक करते ही उनके खाते से पैसे कट गए। आरोप है कि उनके अलावा बड़ी संख्या में लोग ठगी का शिकार हुए हैं और मैसेज एक नामी कंपनी के नाम से भेजे गए हैं।
सूरजपुर कस्बे निवासी आमिर सैफी ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा है कि शनिवार को कस्बे में रहने वाले कई लोगों के नंबर पर एक ही नंबर से मैसेज आया। इसमें सात लिंक क्लिक कर सात सौ रुपये की कैशबैक की बात लिखी गई थी। आरोप है कि मैसेज क्लिक करते ही उनके खाते से पैसे कट गए। आमिर सैफी के खाते से 16 हजार, सलमान से पांच हजार, आशीष से 1600 के अलावा इमरान, सब्बीर, नौशाद सैफी, नौशाद खान, मनोज, रिंकू, इरशाद, राजू, दीपक से भी ठगी की गई। पीड़ितों का दावा है कि उनके अलावा भी कई लोग ठगी का शिकार हुए हैं। सूरजपुर कोतवाली प्रभारी मुनीष चौहान का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों को ऐसे किसी प्रलोभन से बचने का सुझाव दिया है।