नोट: बीच वाली खबर गाजियाबाद के लिए उपयोगी.....
पिस्टल चेक करने के दौरान
चली गोली, रिश्तेदार को लगी
- पुलिस ने मामला दर्ज कर पिस्टल चेक करने वाले युवक को हिरासत में लिया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बवाना इलाके में बृहस्पतिवार को एक युवक पिस्टल चेक कर रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चल गई। गोली उसके एक रिश्तेदार को लगी। जिसे घायलावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है। पुलिस ने उसके पास से पिस्टल बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, घायल युवक की पहचान मोनू के रूप में हुई है। वह नांगलोई इलाके में रहता है। मोनू के रिश्तेदार की शादी थी। वह बृहस्पतिवार हरेवली गांव में रहने वाले अपने मौसा के घर कार्ड देने गया था। वह एक कमरे से दूसरे कमरे में जा रहा था। इसी दौरान कमरे में मौसेरा भाई कृष्ण पिस्टल चेक कर रहा था। इसी दौरान गोली चल गई और गोली मोनू को लग गई। परिवार वालों ने मोनू को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में उसे अंबेडकर अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पिस्टल लाइसेंसी है या नहीं इसकी जांच की जा रही है।
------
बैंक में बुजुर्ग महिला से नकदी चुराने वाला धरा
नई दिल्ली। लाहौरी गेट इलाके में स्थित पीएनबी बैंक में एक चोर ने 70 साल की बुजुर्ग महिला के 40 हजार रुपये चोरी कर लिए। इससे पहले कि वह वारदात को अंजाम देकर फरार होता कैशियर ने चोर को दबोच लिया। लोगों ने आरोपी की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान गाजियाबाद निवासी आमिर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की पहचान लाहौरी गेट निवासी विमला देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि चोर बैंक में बुजुर्ग महिला से टकराया और उसके बैग से रुपयों की चोरी कर ली। ब्यूरो
------
बस की चपेट में आने से महिला की मौत
नई दिल्ली। बुराड़ी इलाके में बाइक से गिरकर एक महिला क्लस्टर बस के पहिये के नीचे आ गई। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मरने वाली महिला की शिनाख्त शाहबाद डेयरी निवासी मुन्नी देवी(50) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि घटना के समय मुन्नी देवी अपने बेटे कपिल के साथ बुलेट पर बैठकर कहीं जा रही थी। निरंकारी भवन के पास वह बुलेट से गिर गई। इसी दौरान वहां से गुजर रही बस का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। पुलिस लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत का मामला दर्ज कर जांच कर रही है। ब्यूरो