जनकपुरी इलाके में शुक्रवार तड़के गुरुग्राम की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में काम करने वाले सौभाग्य से मारपीट कर बदमाशों ने होंडा सीआरवी कार लूट ली।
पुलिस के अनुसार, सपरिवार जीवन पार्क इलाके में रहने वाला सौभाग्य गुरुग्राम की बहुराष्ट्रीय कंपनी में काम करता है। शुक्रवार तड़के वह अपनी होंडा सीआरवी कार से लौट रहा था। पंखा रोड के पास कार रोककर वह कुछ खाने लगा। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार में तीन बदमाश आए और सौभाग्य से मारपीट करने लगे।
एक युवक से सौभाग्य की गर्दन पकड़ ली, जबकि दूसरे ने उसकी जेब से कार की चाबी निकाल ली। इस दौरान सौभाग्य लोगों से बचाने की गुहार लगाता रहा, लेकिन कोई आगे नहीं आया। इसके बाद दो युवक उसकी कार में बैठे और उसे लेकर उत्तम नगर की ओर भाग गए। सौभाग्य की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।