दुष्कर्म के दोषियों की जानकारी दे पुलिस: महिला आयोग
- समयपुर बादली में 40 वर्षीय महिला से दुष्कर्म और हत्या का मामला
- दिल्ली महिला आयोग ने दिल्ली पुलिस को भेजा नोटिस
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बीते रविवार 40 साल की महिला से दुष्कर्म और हत्या के मामले मेें दिल्ली महिला आयोग ने गंभीर रुख अपनाया है। आयोग ने इस मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए पुलिस को नोटिस भेज दुष्कर्म के दोषियों की जानकारी मांगी है। पुलिस से एफआईआर की कॉपी, मृतकों की पोस्टमार्टम की कॉपी की भी जानकारी मांगी है। पुलिस को यह जवाब 10 दिसंबर तक देने को कहा गया है।
आयोग के अनुसार, मीडिया में प्रकाशित खबरों के आधार पर नोटिस भेजा गया है। आयोग का कहना है कि मीडिया में खबर प्रकाशित की गई थी कि 40 वर्षीय महिला का नग्नावस्था में शव समयपुर बादली अंडरपास के पास झाड़ियों में पाया गया था। मृतका के परिवार के अनुसार महिला रविवार से गायब थी। परिवार ने महिला के साथ सामूहिक बलात्कार का आरोप लगाया है। दिल्ली महिला आयोग अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने मंगलवार को घटनास्थल का दौरा कर मृतका के परिवार से मुलाकात की थी। उन्होंने परिवार को आयोग की तरफ से हरसंभव सहायता करने का आश्वासन दिया।