दो युवकों की चाकू और गोली मारकर हत्या
-रोहिणी में अलग-अलग जगह की घटनाएं
-मृतकों की नहीं हो सकी पहचान
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। रोहिणी में अलग-अलग जगहों दो युवकों की चाकू और गोली मारकर हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार सुबह विजय विहार और दोपहर में शाहबाद डेयरी इलाके में युवकों के शव मिले। इनके पास से ऐसी कोई चीज नहीं मिली है, जिससे उनकी पहचान की जा सके। पुलिस ने सभी थानों को सूचित कर मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार तड़के अवंतिका सेक्टर एक रोहिणी स्थित एक पार्क के पास युवक का लहूलुहान शव पड़े होने की जानकारी मिली। युवक के सिर पर चाकू से वार किया गया था। उसके पास ऐसे कोई कागजात नहीं मिले, जिससे उसकी पहचान हो सके। युवक की उम्र करीब 25 साल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में असामाजिक तत्व पार्क में ड्रग का सेवन कर मारपीट करते हैं। पुलिस आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।
वहीं दूसरे मामले में पुलिस को शाहबाद डेयरी के जंगल में एक युवक का शव पड़े होने की जानकारी मिली। उसके सिर में चोट के निशान थे। उसकी गोली मारकर हत्या की गई थी। मौका मुआयना करने के बाद पुलिस ने बताया कि युवक की कहीं अन्य जगह पर हत्या करने के बाद शव को गाड़ी से लाकर यहां फेंका गया है। इसकी भी शिनाख्त नहीं होने पर शव मोर्चरी में रखवाया गया है।