छेड़छाड़ पीड़िता छात्रा ने लगाया थाने पर बैठाने का आरोप
- यूपी पुलिस को ट्वीट कर की शिकायत, पुलिस बोली- दो परिवारों के झगड़े में हुई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा।
बिसरख कोतवाली क्षेत्र निवासी एक छात्रा ने छेड़छाड़ व मारपीट की शिकायत करने पर थाने में बैठाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत यूपी पुलिस के ट्विटर हैंडल पर की है। आरोप है कि आरोपी पक्ष को पुलिस ने मिलीभगत कर छोड़ दिया है। वहीं, बिसरख कोतवाली प्रभारी दो परिवारों के झगड़े के बाद दोनों पक्षों पर शांति भंग करने की कार्रवाई और युवती की शिकायत पर छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कर जांच जारी होने की बात कही है।
बताया गया है कि बिसरख कोतवाली क्षेत्र निवासी युवती बीएससी की छात्रा है। छात्रा पढ़ाई के साथ बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती है। छात्रा का आरोप है कि 25 नवंबर की शाम को वह अपने घर में खाना बना रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग उसके घर में घुस आए और उसकी मां से मारपीट करने लगे। छात्रा मौके पर पहुंची तो उससे छेड़छाड़ कर मारपीट की गई। आरोप है कि उसके गले में चुन्नी डालकर मारने का भी प्रयास किया गया। मामले की सूचना पीड़ित पक्ष ने यूपी-100 पर दी। मौके पर पुलिस पहुंची लेकिन मामला दूसरा चौकी का बताकर स्वयं की सेक्टर-63 में तैनाती बताकर लौट गई। इसके चलते गौड़ सिटी पुलिस चौकी व बिसरख कोतवाली में मामले की शिकायत की। इसके बाद पुलिस तीन आरोपियों को पकड़कर थाने ले आई आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपियों को छोड़ दिया गया। वहीं, आरोप है कि पीड़िता को थाने पर बैठा लिया गया। इसके चलते पीड़िता ने ट्विटर पर शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
- दो पड़ोसी परिवारों में झगड़ा हुआ था। दोनों पक्ष स्वयं थाने पहुंचे थे। मामले में शांति भंग की कार्रवाई की गई है। वहीं, छात्रा की शिकायत पर छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। - अनिल शाही, बिसरख कोतवाली प्रभारी