ग्रेटर नोएडा। लखनावली के ग्रामीणों ने डीएम और एसएसपी कार्यालय में शिकायत देकर सूरजपुर कोतवाली में तैनात एक दरोगा पर दो नाबालिगों व एक युवक को अवैध हिरासत में रखने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि अवैध हिरासत में रखे गए एक नाबालिग ने कुछ दिन पहले एक युवती पर ब्लैकमेलिंग की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दूसरे युवक ने भूमाफिया के खिलाफ शिकायत दी हुईं है। एसएसपी ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव लखनावली के कुछ ग्रामीण सोमवार को डीएम व एसएसपी कार्यालय पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि भूमाफिया के खिलाफ शिकायत करने व एक युवती पर ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज कराने के बाद से पुलिस उनके परिवार पर दबाव बना रही है।
आरोप है कि गांव के दो नाबालिगों व एक युवक को पुलिस ने बिना किसी वजह के कई घंटों तक कोतवाली में बिठाए रखा। परिजन के पूछने पर भी पुलिस ने उन्हें अवैध हिरासत में रखने का कारण नहीं बताया।
बाद में विधायक से शिकायत करने के बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ा। ग्रामीणों ने एक युवक को छोड़ने की एवज में परिजनों से रुपये वसूलने का भी आरोप लगाया। आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रही है।