करोलबाग के साप्ताहिक बाजार में मामूली कहासुनी होने पर बदमाशों ने तीन दुकानदारों को चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दुकानदार शिवम की हालत नाजुक बनी हुई है। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
सर्वेश ख्याला इलाके में रहता है और दिल्ली के सभी साप्ताहिक बाजार में दुकान लगाकर सामान बेचता है। इस काम में उसके रिश्तेदार अनुपम और शिवम मदद करते हैं। सर्वेश और उसके रिश्तेदार अजमल खां रोड स्थित सोम बाजार में दुकान लगाई थी। उसके पास ही रिश्तेदार अजय ने भी दुकान लगाई थी। दिन भर सामान बेचने के बाद रात में सभी दुकान बंद कर रहे थे।
इसी दौरान एक युवक उनके दुकान के सामने से भागा, जिसका चार-पांच युवक पीछा कर रहे थे। पीछे भाग रहे एक युवक ने सर्वेश की दुकान से रॉड उठाई। इसका सर्वेश और उसके रिश्तेदारों ने विरोध किया। उस युवक के शोर मचाने पर भाग रहे सभी युवक रुके और कहासुनी कर रहे अजय और शिवम पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सर्वेश बचाने के लिए आया तो उसे भी चाकू से हमला कर घायल कर दिया।