भाई के साथ मारपीट का कारण पूछा
तो शराबियों ने युवक को चाकू मारा
- दूसरे भाई पर हेलमेट से किया हमला, चाकू से घायल युवक की हालत नाजुक
- शराबियों ने पीड़ित के भाई को बोतल फेंककर मारी थी, विरोध करने पर की थी पिटाई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तम नगर इलाके में शराब पी रहे दो लोगों ने एक युवक पर खाली बोतल फेंककर मारी और विरोध करने पर मारपीट की। युवक के भाई ने जब मारपीट का कारण पूछा तो आरोपियों ने उसे चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर शराबियों की तलाश कर रही है। पीड़ित की पहचान अवधेश के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, अवधेश अपने तीन भाइयों के साथ उत्तम नगर में रहता है। उसके भाई रूपचंद ने बताया कि वह बृहस्पतिवार रात काम खत्म करने के बाद पैदल घर आ रहा था। हनुमान धर्मकांटा वाली गली से गुजरने के दौरान एक मकान की पहली मंजिल पर शराब पी रहे दो युवकों ने उसके ऊपर बोतल फेंककर मारी। विरोध करने पर उन लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। रूपचंद चुपचाप अपने घर में आ गया। शुक्रवार सुबह उसने इस बात की जानकारी भाई अवधेश और प्रमोद को दी।
दोनों भाई शराबियों से बात करने के लिए उनके घर पर गए। जहां उनके बीच कहासुनी हो गई। शराबियों ने अवधेश के पेट और हाथ में चाकू मार दिया और प्रमोद के सिर पर हेलमेट मारकर उसे घायल कर दिया। चाकू लगने से अवधेश की आंतें पेट से बाहर निकल गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने अवधेश और उसके भाई प्रमोद को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां अवधेश की हालत गंभीर बनी हुई है।
------
अस्थियां विसर्जित करने गए
परिवार के घर लाखों की चोरी
नई दिल्ली। मां की अस्थियां विसर्जित करने बिहार गए एक परिवार के घर में लाखों की चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरों ने घर से तीन लाख रुपये और लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रामजन्म(52) सपरिवार पालम कॉलोनी में रहता है। गत 30 सितंबर को उसकी मां का देहांत हो गया था। उसके बाद रामजन्म परिवार के सदस्यों के साथ मां की अस्थियों को विसर्जित करने के लिए बिहार के वैशाली गया था।
15 अक्तूबर को एक पड़ोसी ने फोन कर बताया कि उसके घर का ताला खुला हुआ है। उसने अपने पड़ोसी को पुलिस को शिकायत करने के लिए कहा। पड़ोसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौका मुआयना किया। शुक्रवार को पुलिस ने रामजन्म के दिल्ली आने के बाद उसके बयान दर्ज कर चोरी का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस रामजन्म के घर के पास लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में कर मामले की जांच कर रही है।