शराब समेत चार अफ्रीकी पकड़कर छोड़े
- एवीजे हाईट्स सोसायटी निवासियों ने कहा, शराब की बोतलों से भरी कार में आए थे अफ्रीकी
- पुलिस ने कहा 11 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम के लिए बीयर स्टॉक कर रहे थे विदेशी
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली पुलिस पर एवीजे हाइट्स सोसायटी से शराब समेत चार विदेशी नागरिकों को पकड़ने के बाद बिना कार्रवाई के छोड़ने का आरोप लगा है। बुधवार रात लोगों की शिकायत पर पुलिस ने शराब की बोतलों से भरी कार और चार अफ्रीकी युवकों को पकड़ा था। जिन्हें कोतवाली ले जाने के बाद छोड़ दिया गया। वहीं पुलिस का कहना है कि 11 नवंबर को होने वाले होने वाले कार्यक्रम को लेकर अफ्रीकी बीयर स्टॉक कर रहे थे।
एवीजे हाइट्स सोसायटी निवासी महेश भाटी का कहना है कि बुधवार रात चार अफ्रीकी एक लाल रंग की कार में शराब की पेटियां भरकर गेट पर पहुंचे थे। इसी दौरान सोसायटी निवासियों की नजर कार में भरी शराब की पेटियों पर पड़ गई। पूछताछ करने पर अफ्रीकी युवकों ने सोसायटी में तेज रफ्तार में कार दौड़ाना शुरू कर दिया। इस दौरान सोसायटी मेें कोई हादसा भी हो सकता था। इसके बावजूद वह देर तक सोसायटी के भीतर लोगों से बचने के लिए इधर-उधर कार दौड़ाते रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस चारों अफ्रीकी को कार व उसमें लदी शराब की पेटियां समेत सूरजपुर कोतवाली ले गईं। देर रात चारों को छोड़ दिया गया।
यूपी की बीयर थी, नहीं की कार्रवाई : एसएचओ
लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। थाने लाकर जांच की गई, तो पता चला कि कार में यूपी की स्टीकर वाली बीयर की बोतलें थीं। अफ्रीकी युवकों ने बताया कि 11 नवंबर को उनके देश के स्वतंत्रता दिवस पर शहर के एक होटल मेें कार्यक्रम होना है। इसके लिए वह बीयर स्टॉक कर रहे थे। बीयर की बोतलें दूसरे प्रदेश की नहीं थीं, इसलिए कोई कार्रवाई नहीं की गई। - मुनीष चौहान, सूरजपुर कोतवाली प्रभारी
मामले की जांच कर होगी कार्रवाई
शराब या बीयर को स्टॉक नहीं किया जा सकता न ही अधिक मात्रा में एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा सकता। किसी कार्यक्रम के लिए भी बार की अनुमति ली जाती है। इस मामले की आबकारी निरीक्षक जांच कर कार्रवाई करेंगे। - राकेश कुमार सिंह, जिला आबकारी अधिकारी