बस चालक की गिरफ्तारी से संबंधित खबर
--
--
बच्ची को अकेली देखकर चालक बना ‘शैतान’
- ग्रेटर नोएडा का अंतिम स्टॉप पर था मासूम का घर
- स्कूल के ही एक कमरे में पत्नी और बच्चों संग रहता है आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। आरोपी बस चालक हफीजुर्रहमान (23) से पूछताछ और वारदात की पड़ताल के बाद पुलिस को पता चला है कि आरोपी ने बच्ची को अकेली देखकर दुष्कर्म की कोशिश की। नोएडा के सेक्टर-70 स्थित स्कूल से ग्रेटर नोएडा आने के दौरान बच्ची का घर सबसे आखिर में पड़ता है। इसके चलते स्टाफ व अन्य छात्रों को उतारने के बाद आरोपी ने बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश की।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद बताया कि आरोपी चार साल से स्कूल की बस चला रहा है। उसने यह भी बताया कि वह पत्नी और बच्चे के साथ स्कूल के ही कमरे में रहता है। पुलिस ने बस के सीसीटीवी के संबंध में स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि सीसीटीवी में लगा एचडी मेमोरी कार्ड खराब था। इसके चलते घटना के दिन की उसमें रिकार्डिंग नहीं मिली है। वहीं, यह भी जानकारी पुलिस से मिली है कि परिजन बच्ची का आंतरिक परीक्षण नहीं कराना चाहते, उनका कहना है कि इस केस में इसकी आवश्यकता नहीं है। आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य हैं। एसएसआई दिलीप सिंह ने बताया कि बच्ची सबसे आखिरी में बस से उतरती थी। आरोपी ने उसे अकेला पाकर ये करतूत की।
सीसीटीवी का एसडी कार्ड खराब था
आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। बस में लगेे सीसीटीवी का एसडी कार्ड खराब था। - मुनीष चौहान, सूरजपुर कोतवाली प्रभारी