नाबालिग घरेलू सहायिका से सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश
ग्रेटर नोएडा। कासना कोतवाली क्षेत्र निवासी नाबालिग घरेलू सहायिका ने चार युवकों पर दुष्कर्म की कोशिश और विरोध पर मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एक अन्य घरेलू सहायिका पर बेचने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
16 साल की पीड़िता ने कासना कोतवाली में दी गई शिकायत में कहा है कि रविवार को उसकी सहकर्मी उसे अपने साथ काम करने चलने का झांसा देकर बुलाकर ले गई। आरोप है कि जिस सेक्टर में उसे ले जाया जा रहा था, उसके गेट पर ही चार युवक खड़े थे। सहकर्मी ने युवकों से कहा कि मुझे रुपये दे दो और इसे अपने साथ ले जाओ। इस पर चारों युवक उसे पकड़ने लगे। आरोप है कि चारों ने दुष्कर्म की कोशिश की। पीड़िता के विरोध करने पर उससे मारपीट भी की गई। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपियों ने धमकी दी। पीड़िता आरोपियों के चंगुल से छूटकर अपनी बहन के पास पहुंची। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। कासना कोतवाली प्रभारी सुनील सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। प्राथमिक पड़ताल में मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। ब्यूरो