वेलकम में युवक के सिर में गोली मारकर हत्या
- राहगीरों का दावा झगड़े में बीच-बचाव कराने पर मार डाला
- पुलिस को आपसी रंजिश में वारदात को अंजाम देने का शक
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। वेलकम इलाके में बुधवार देर रात रामलीला देखकर लौट रहे युवक के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। शव की शिनाख्त मनमोहन सिंह उर्फ गोल्डी (24) के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पीड़ित का जानकार है और दोनों के बीच रंजिश थी। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कुछ लोगों के झगड़े में बीच-बचाव के दौरान मनमोहन की हत्या हुई। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के मुताबिक मनमोहन परिवार के साथ माया गली, बाबरपुर में रहता था। इसके परिवार में पिता राजेंद्र सिंह, मां और अन्य सदस्य हैं। मनमोहन पिता के साथ फैक्टरी में काम करता था। बुधवार रात को चचेरे भाई व दोस्तों के साथ वह रामलीला देखने गया था। वहां से करीब 12.00 बजे वह लौट रहा था। सभी अपने-अपने घर चले गए। इस बीच छज्जूपुर गेट के पास मनमोहन को उसका जानकार युवक मिल गया। दोनों के बीच किसी बात पर कहासुनी होने लगी। इसी दौरान आरोपी ने तमंचा निकालकर मनमोहन के सिर में गोली मार दी और भाग गया। सूचना पर पुलिस के अलावा उसका परिवार मौके पर पहुंच गया। पिता राजेंद्र ने बताया है कि राहगीरों ने परिवार को बताया कि बीच-बचाव के दौरान मनमोहन को कुछ युवकों ने गोली मार दी। जबकि पुलिस इससे इंकार कर रही है।