एएसआई का मोबाइल फोन लूटकर बदमाश फरार
नई दिल्ली । समयपुर बादली इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने दिल्ली पुलिस के एएसआई से उसका मोबाइल फोन लूट लिया। घटना के समय एएसआई ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर जा रहा था। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने झपटमारी का मामला दर्ज कर लिया है।
द्वारका मोड़ निवासी जितेंद्र कुमार (50) दिल्ली पुलिस की तीसरी बटालियन में कार्यरत है। फिलहाल उसकी तैनाती रोहिणी जेल में है। रविवार रात वह काम खत्म करने के बाद बाइक से घर जा रहा था। समयपुर बादली इलाके में किसी परिचित का फोन आ गया। जितेंद्र अपनी बाइक रोककर फोन पर बात करने लगा। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश उसके पास आये और फोन झपटकर भागने लगे। जितेंद्र ने बाइक से बदमाशों का भी पीछा किया, लेकिन वे चकमा देकर फरार हो गए। जितेंद्र के बताए हुलिए के आधार पर समयपुर बादली थाना पुलिस बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। ब्यूरो