जगतपुरी लूट कांड : तीन गिरफ्तार, एक डासना जेल से रिमांड पर
- 17 सितंबर को आरोपियों ने जगतपुरी इलाके में कारोबारी से लूटे थे 2.70 लाख रुपये
- आरोपियों से 3.50 लाख रुपये, बाइक, पिस्टल व पांच कारतूस बरामद किए गए
- आरोपी नवीन कसाना के खिलाफ 18 मामले दर्ज, मकोका भी लगा हुआ
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी इलाके में पिछले माह कारोबारी से हुई 2.70 लाख की लूट की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने कारोबारी के चालक इंदल (29), रविंदर (28) और नवीन कसाना को गिरफ्तार किया है। इंदल कारोबारी उमेश बंसल का अस्थायी चालक है। उसकी सूचना पर ही बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने नवीन कसाना को डासना जेल से रिमांड पर लिया है। इनके पास से दो बाइक, 3.50 लाख रुपये, पिस्टल व पांच कारतूस बरामद किए गए हैं।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार सिंह ने बताया कि 17 सितंबर को जगतपुरी निवासी उमेश बंसल अपने कर्मचारी रामसेवक साथ स्कूटी से लौट रहे थे। तभी पुराने अर्जुन नगर, जगतपुरी में बदमाशों ने रुपये लूट लिए थे। सीसीटीवी व टेक्नीकल सर्विलांस से जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि उमेश के चालक इंदल ने मुखबिरी की थी। पुलिस ने इंदल को दबोच लिया। उसने बताया कि सूचना उसने नवीन कसाना, शकील, प्रभात उर्फ शुएब, अनिल उर्फ अन्नू और रविंदर उर्फ बबलू को दी थी। पुलिस ने रविंदर को दबोच लिया। इसके बाद डासना, गाजियाबाद जेल में बंद नवीन कसाना को रिमांड पर दिल्ली ले आई। इसके बाद लूट की रकम से खरीदी गई बाइक समेत दो बाइक बरामद की गई। नवीन के खिलाफ मकोका सहित दिल्ली-एनसीआर में 18 मामले दर्ज हैं।
नवीन पर पीड़ित को धमकाने का आरोप, एक गिरफ्तार
एक मामले में डासला जेल में बंद होने के बाद नवीन को जब पता चला कि दिल्ली में उसके गैंग के दो बदमाश पकड़े गए हैं तो उसने पीड़ित को अपने एक गुर्गे के जरिए जान से मारने की धमकी देकर उसकी शिनाख्त नहीं करने के लिए कहा। भनक लगने पर पुलिस ने धमकी देने वाले आरोपी तेजवीर सिंह उर्फ गुड्ब ू को गिरफ्तार कर लिया। वह शालीमार गार्डन इलाके में रेस्टोरेंट चलाता है। नवीन की पहचान करने पर उमेश को गोली मारने की धमकी दी गई थी।