गुरुग्राम, हरियाणा, अतरौली, और बुलंदशहर समेत अन्य के ध्यानार्थ
--
फोटो -
हाइवे से लूटे गए माल को बेचने वाले पांच गिरफ्तार
- ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी का लूटते थे माल, लूटे गए लाखों रुपये के मोबाइल बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा।
यूपी एसटीएफ ने हाइवे से लूटे गए माल को बेचने वाले पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पांचों के पास से लाखों रुपये के मोबाइल बरामद हुए हैं। पांचों बदमाश हाइवे से ऑनलाइन कंपनियों के सामान लूटने वाले उसी गिरोह से जुड़े हैं जिन्हें 8 सितंबर को गिरफ्तार किया था। पांचों की पहचान मंजीत निवासी गुन्नौर, दिशांत निवासी गुलावठी (बुलंदशहर), अमित गोस्वामी और रवि गोस्वामी निवासी अतरौली और अमितेश निवासी बिहार के रूप में हुई है।
एसटीएफ सीओ राजकुमार मिश्र ने बताया कि शुक्रवार को पूर्व में पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ के आधार पर टीम फरार आरोपियों को तलाश कर रही थी। टीम को सूचना मिली कि कुछ बदमाश वीवो कंपनी के लूटे गए मोबाइल को बेचने के लिए जा रहे हैं। टीम ने ईकोटेक-1 थाना क्षेत्र के निर्माणाधीन मेट्रो स्टेशन के पास से घेराबंदी करते हुए पांच बदमाशों को लूटे गए माल समेत गिरफ्तार किया। पकड़े गए अमित का भाई दीपक और मंजीत पूर्व में एक ही कंपनी में गाड़ी चलाते थे। वहीं मंजीत लूटे गए मोबाइल बेचने का प्रयास कर रहा था। उसने कुछ मोबाइल अमितेश व रवि को दे दिए थे। दिशांत के पास भी लूटे गए पांच सौ मोबाइल रखे थे। इनमें से कई मोबाइल दिशांत ने बेच भी दिए थे।
इससे पहले 8 सितंबर को हाइवे पर लूट करने वाले नौ बदमाशों को गिरफ्तार किया था। पकड़े गया गिरोह राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश (एनसीआर) में कई वारदात को अंजाम दे चुका है। 4 सितंबर की रात को गिरोह ने सिकंदरा थाना क्षेत्र में और 20 अगस्त को मानेसर में ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी (अमेजन) का सामान से लदा ट्रक लूट लिया था। इसके अलावा भी गिरोह ईकोटेक-1 थाना क्षेत्र में वीवो कंपनी के ट्रक मेें लदे मोबाइल आदि लूट की कई वारदात को अंजाम दे चुका है।