गाजियाबाद के लिए भी
फोटो -
रजिस्ट्रेशन निरस्त कर छह
ट्रक जब्त, सात गिरफ्तार
निर्माणाधीन साइट के लिए फर्जी नंबर प्लेट लगाकर ढो रहे थे गिट्टियां
- एनजीटी ने लगा रखी है 10 साल पुरानी टीएमसी मशीन पर रोक
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। एनजीटी के निर्देश पर रजिस्ट्रेशन निरस्त किए 10 साल पुराने छह ट्रक (टीएमसी मशीन) समेत सात लोगों को बिसरख कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी इन ट्रकों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर निर्माणाधीन साइट के लिए गिट्टियां ढोने का काम कर रहे थे।
सीओ तृतीय निशांक शर्मा ने बताया कि मंगलवार सुबह लगभग 5 बजे गौड़ आरएमसी (रेडी मिक्स कंक्रीट) प्लांट के पास बिसरख कोतवाली प्रभारी अनिल शाही और उपनिरीक्षक देवेंद्र राठी की टीम को मुखबिर से कुछ ट्रकों के फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलने की सूचना मिली। पुलिस ने पास खड़े ट्रकों की पड़ताल की तो पता चला कि छह ट्रक (टीएमसी मशीन) पर दूसरे प्रदेशों में चल रहे ट्रकों के नंबरों की प्लेट लगी थीं। पुलिस ने मौके से ट्रक के एक मालिक यश गुप्ता निवासी कवि नगर गाजियाबाद समेत 6 चालकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चालकों की पहचान विनोद कुमार, कादिर दोनों निवासी बिहार, मनोज कुमार, जितेंद्र प्रसाद, चनारिक तीनों निवासी झारखंड और भरत सिंह निवासी अलवर राजस्थान के रूप में हुई। आरोपी फिलहाल ग्रेटर नोएडा में ही किराये पर रहकर काम कर रहे थे। इस मामले में ट्रक मालिक अंकुर बंसल निवासी साहिबाबाद गाजियाबाद मौके से फरार हो गया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि पकड़े गए ट्रक और मिक्सर मशीनों के रजिस्ट्रेशन दस वर्ष से अधिक पुराने होने के कारण आरटीओ ने निरस्त कर दिए थे। इसलिए वे फर्जी नंबर प्लेट लगाकर आरएमसी प्लांट से निर्माणधीन साइट पर मैटेरियल आपूर्ति करते थे।