सोनीपत के लिए भी
राष्ट्रीय स्तर का पहलवान
लूटपाट में गिरफ्तार
स्पेशल सेल ने दो साथियों के साथ दबोचा
- राज्यस्तरीय स्पर्था में जीत चुका है सिल्वर, सरिता विहार में की थी 65 लाख की लूट
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्तर का पहलवान साथियों के साथ लूटपाट करता था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पहलवान को उसके दो साथियों के साथ गिरफ्तार किया है। उसने साथियों के साथ सरिता विहार इलाके में मनी एक्सचेंजर से हथियारों के बल पर 65 लाख रुपये लूटे थे। पहलवान के खिलाफ दिल्ली, यूपी व हरियाणा में सात मुकदमे हैं। आरोपी सुनील राष्ट्रीय स्तर का पहलवान रहा है। वर्ष 2008 में राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में उसने सिल्वर मेडल जीता था।
स्पेशल सेल के डीसीपी प्रमोद कुशवाह के अनुसार, जामिया नगर में रहने वाला मो. शाजेब सरिता विहार में भाइयों के साथ मनी एक्सचेंज का व्यवसाय करता है। एक अगस्त को ऑफिस बंद करके वह और उसका भाई नाजिम अलग-अलग मोटरसाइकिल पर घर जा रहे थे। मो. शाजेब के पास 65 लाख रुपये थे। सरिता विहार इलाके में मोटरसाइकिल पर सवार छह बदमाशों ने उसे घेर लिया और नोटों से भरा बैग छीनने की कोशिश की। शाजेब ने विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर गोली चला दी और 65 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। सरिता विहार थाने में मामला दर्ज हुआ। स्पेशल सेल के एसीपी अत्तर सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर शिवकुमार की विशेष टीम ने इस वारदात के आरोपी योगेंद्र को पकड़ लिया।
योगेंद्र के खुलासे के बाद 10 सितंबर को हरीश चंदर अस्पताल, नरेला से खरखोदा, सोनीपत हरियाणा निवासी सुनील कुमार (26) और नरेला के राजेश उर्फ मोनू (27) को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से छह कारतूस के साथ 0.32 बोर की पिस्टल बरामद हुई। सुनील के कब्जे से 7.5 लाख रुपये बरामद किए गए। सुनील इस गिरोह का सरगना है। मो. शाजेब के कैश ले जाने की सूचना बवाना निवासी गौरव ने दी थी। लूट की रकम से सुनील ने पुरानी मारुति जिप्सी और राजेश ने कार खरीदी थी। तीनों आरोपियों ने चार लाख रुपये गोवा, कोल्हापुर, मुंबई में मौज-मस्ती में खर्च कर दिए थे।
कंधे में चोट लगने पर छोड़ी थी पहलवानी
सुनील खेतीबाड़ी करने वाले परिवार से ताल्लुक रखता है। 12वीं कक्षा तक पढ़ाई करने के बाद वह पहलवानी के लिए बांकनेर अखाड़े में शामिल हुआ। वह वर्ष 2008 में दिल्ली में हुई राज्यस्तरीय चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीत चुका है। इसने वर्ष 2008 में ही कन्याकुमारी में हुई राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप में भाग लिया था और तीसरे स्थान पर रहा था। वह अंतरराष्ट्रीय पहलवान अमित दहिया के साथ पहलवानी कर चुका है। कंधे में चोट लगने के कारण इसने पहलवानी छोड़ दी। इसी दौरान ये बदमाशों के संपर्क में आया और अपराध की दुनिया में उतर गया। इसके खिलाफ हत्या, लूटपाट व चोट पहुंचाने के पांच मामले दर्ज हैं।