एक ही स्कूटी पर चार सवारी और हेलमेट भी नहीं पहना था
-चार दोस्तों में से एक युवती की मौत, एक युवती व दो युवक गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। इंद्रपुरी इलाके में सोमवार रात जॉय राइड के लिए एक ही स्कूूटी पर और बिना हेलमेट पहने रोड पर निकलना चार युवक-युवतियों को भारी पड़ गया। दुर्घटना में एक लड़की की जान चली गई जबकि एक युवती और दो युवकों की हालत नाजुक बनी हुई है। घायलों को बीएल कपूर अस्पताल की आईसीयू में भर्ती कराया गया है। स्कूटी को किसी वाहन ने टक्कर मारी या ये लोग खुद ही हादसे का शिकार हुए, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। हालांकि घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पुलिस मान रही है कि स्कूटी फिसलने से दुर्घटना हुई है।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब नौ बजे सूचना मिली कि पूसा रोड टोडापुर में एक स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। इस पर सवार चार लोग जख्मी हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पाया कि घटनास्थल पर एक स्कूटी खड़ी है और पास ही खून बिखरा था। पुलिस को छानबीन में पता चला कि घायल युवक-युवतियों को पास के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। इस पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां पता चला कि फरीदपुरी की रहने वाली लक्ष्मी (18) को मृत घोषित किया जा चुका है जबकि पटेल नगर निवासी मोहम्मद रसद (22),फरीदपुरी निवासी रिजवाना (20) और महरौली निवासी आजाद (21) का इलाज चल रहा है। दुर्घटना में सभी के सिर में गंभीर चोट लगी है। पुलिस ने सभी युवक-युवतियों के परिवार वालों को घटना की जानाकारी दे दी। जांच में पता चला कि सभी आपस में दोस्त हैं और घटना के समय टोडापुर से पटेल नगर की ओर आ रहे थे। शुरुआती जांच में पता चला है कि सभी मौजमस्ती के लिए निकले थे। पुलिस लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत का मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।