साड़ी से हुआ माला की हत्या का पर्दाफाश
लूटी गई साड़ी को आरोपी महिला पहनकर बाहर निकली थी
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। बिसरख में अप्रैल में गहने-साड़ियों के लालच में महिला की हत्या का भंडाफोड़ स्वयं आरोपी महिला के लालच के कारण हो गया। हत्या के बाद लूटी गई साड़ी को आरोपी महिला पहनकर बाहर निकली तो जानकारों ने पुलिस में इसकी सूचना दे दी और मामले का पर्दाफाश हो गया।
बिसरख के हैबतपुर गांव में 6 अप्रैल को माला की बुआ का लड़का मोहित व उसकी पत्नी रिंकी माला से मिलने उसके घर गए थे। घर में माला ने रिंकी को अपनी शादी के कीमती कपड़े और आभूषण दिखाए थे। इस दौरान वहां पर पड़ोसन रितु भी आ गई और उसने आभूषण व कपड़े देख लिए थे, जिसको देखकर उसे लालच आ गया। यह बात उसने अपने पति सौरभ दिवाकर को बताई। सौरभ नशे का आदी था और लालच में आकर दोनों ने महिला की हत्या की साजिश रच ली। 7 अप्रैल को माला के पति शिवम के जाने के बाद दोनों आरोपियों ने माला को अपने घर बहाने से बुलाया और दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी।
बाद में महिला ने जहां महंगी सात साड़ियां, लहंगा-चुन्नी, स्वेटर और शॉल रख लिए, वहीं उसके पति सौरभ ने जेवर बेच दिए और नकदी अपने पास रख ली। इनमें से एक मोबाइल सौरभ ने अलीगढ़ में अपने पिता को दे दिया। इधर, एक दिन आरोपी महिला के साड़ी पहनकर बाहर निकलने पर माला के परिजनों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी, तो पुलिस ने जांच शुरू कर दी। इस दौरान आरोपी के पिता ने मोबाइल एक दिन ऑन किया, तो पुलिस ने सर्विलांस की मदद से उसे ट्रेस कर लिया। इसी के आधार पर पुलिस ने पहले आरोपी महिला रितु को गिरफ्तार किया। पत्नी की गिरफ्तारी की भनक लगते ही सौरभ फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।