अवैध संबंधों का विरोध, सास का जबड़ा-कंधा तोड़ा
जेवर। जेवर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में सास को बहू के अवैध संबंधों का विरोध करना भारी पड़ गया। आरोप है कि महिला ने प्रेमी व उसके साथी के साथ मिलकर पथराव कर दिया। पत्थर लगने से 60 वर्षीय सास का जबड़ा व कंधा टूट गया। पुलिस ने वृद्धा को अस्पताल में भर्ती कराया है और मामले की जांच कर रही है।
वृद्धा के बेटे ने जेवर कोतवाली पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी के गांव के ही एक युवक से अवैध संबंध हैं। कई बार उसकी मां ने दोनों को मौके पर देखने के बाद विरोध किया। रविवार रात पत्नी का प्रेमी नशे में घर में घुस आया और उसकी भाभी से छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर उसकी पत्नी अपने प्रेमी व उसके साथी के साथ पड़ोस की छत पर चढ़ गई और पथराव शुरू कर दिया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पत्नी 20 हजार रुपये और जेवरात लेकर फरार हो गई है। ब्यूरो