व्यापार मंडल अध्यक्ष की दुकान समेत आठ के ताले तोड़े
अमर उजाला ब्यूरो
रबूपुरा। रविवार रात चोरों ने कस्बे की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली अनाज मंडी में आठ दुकानों को निशाना बनाया। चोरों ने आठों दुकानों के ताले तोड़े और चार दुकानों से गल्ले में रखी नकदी चोरी कर ले गए। एक दुकान की तिजौरी और तीन अन्य दुकानों के ताले तोड़ने में चोर नाकाम रहे। व्यापारियों में एक ही रात में हुई इन घटनाओं से रोष व्याप्त है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष लालचंद्र तायल, व्यापारी अशोक तायल, अमोद कुमार सिंघल, राजीव तायल, शैलू शर्मा, घनश्याम सिंघल, शेरपाल सिंह व गुरुदत्त शर्मा सहित अन्य व्यापारी कस्बे की अनाज मंडी में गल्ले का व्यापार करते हैं। सोमवार सुबह जब अशोक तायल अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो उन्होंने दुकान का ताला टूटा हुआ देखा और गल्ले में रखे दो हजार रुपये नहीं थे। वहीं व्यापारी लालचंद्र तायल, अशोक तायल, शैलू शर्मा, अमोद सिंघल की दुकान का ताला तोड़कर पांच हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। कोतवाली प्रभारी राजवीर चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
वहीं 25 अगस्त को सिरौली बांगर निवासी फजलु की दुकान से 40 हजार रुपये का अन्य कीमती सामान चोर चोरी कर ले गए थे। 20 अगस्त को रौनीजा गांव निवासी जितेंद्र कुमार की परचून की दुकान से 25 हजार रुपये का अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। इसके अलावा भी कई अन्य चोरी की वारदातों का खुलासा नहीं हुआ है।