इसमें एक फाइल फरीदाबाद के लिए है। (अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत)
लूटपाट कर भाग रहे तीन नाबालिगों को पुलिस ने दबोचा
नई दिल्ली। युवक से लूटपाट कर भाग रहे तीन नाबालिगों को नरेला थाना पुलिस ने पकड़ा है। इनके पास से मोबाइल और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि तीनों बदमाश नशे के आदी है।
पुलिस के अनुसार संतोष सपरिवार नरेला में रहता है। वह निजी कंपनी में काम करता है। सोमवार शाम संतोष कार्यालय से घर लौट रहा था। तभी नरेला इलाके में तीन बदमाशों ने उसे घेर लिया और लूटपाट करने लगे। संतोष ने साहस दिखाते हुए शोर मचा दिया। बदमाश उससे मोबाइल और पर्स लूटकर भागने लगे। शोर सुनकर वहां गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने तीनों का पीछा कर उन्हें दबोच लिया। जांच में पता चला कि तीनों बदमाश नाबालिग हैं।
------
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत
नई दिल्ली। रानीबाग इलाके में अज्ञात वाहन के चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई। शव की शिनाख्त फरीदाबाद निवासी सुधीर (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि देर रात करीब सवा बारह बजे पुलिस को मधुबन चौक पर सड़क हादसे की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस ने जख्मी युवक को पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
------
नरेला में बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत
नई दिल्ली। नरेला इलाके में मंगलवार सुबह बुजुर्ग की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उसका शव कमरे में मिला। शव की शिनाख्त राममेहर (80) के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि बुजुर्ग के शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। मंगलवार सुबह राममेहर का पड़ोसी उसके घर आया। पड़ोसी का साइकिल उसके घर में लगा था। दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। उसके बाद पड़ोसी छत पर चढ़ कर देखा तो वह कमरे में अचेत पड़ा था। पड़ोसी ने पुलिस को घटना की सूचना दे दी। पुलिस ने उसे पास के अस्पताल में ले गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।