एवीजे हाइट्स में भिड़े दो गुट, जमकर हंगामा
- एक महिला के विवाद के बाद आपस में भिड़े दो पक्ष
- एक पक्ष ने सूरजपुर कोतवाली व एसएसपी आवास पहुंचकर किया प्रदर्शन
- दूसरे पक्ष की दो महिलाओं ने भी अभद्रता का आरोप लगा दी शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र की एवीजे हाइट्स सोसाइटी में रविवार रात दो गुट सिक्योरिटी गार्ड से हुए एक महिला के विवाद को लेकर भिड़ गए। मौके पर देर रात तक जमकर हंगामा हुआ। हंगामे के बाद एक पक्ष के लोग पहले सूरजपुर कोतवाली और फिर एसएसपी आवास पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। दूसरी ओर दूसरे पक्ष की दो महिलाओं ने भी प्रदर्शन करने वाले कुछ लोगों के खिलाफ अभद्रता व मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। एक युवती ने कार्रवाई न होने पर आत्महत्या की धमकी भी दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एवीजे सोसाइटी में रविवार शाम कार सवार एक युवक अपने परिचित से मिलने के लिए पहुंचा था। परिचित के नहीं मिलने पर वह सोसाइटी में कार के अंदर परिचित का इंतजार करने लगा। एवीजे हाइट्स ऑनर एसोसिएशन से जुड़े लोगों का आरोप है कि सोसाइटी की पार्किंग में उक्त युवक और एक युवती आपत्तिजनक स्थिति में दिखे। इसका विरोध करने पर अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। वहीं, आरोप है कि रात करीब 11 बजे सोसाइटी निवासी युवती कार लेकर वहां पहुंची। इस दौरान सिक्योरिटी गार्ड के रोकने पर वहां पर नोकझोंक हुई। एसोसिएशन के लोगों का आरोप है कि युवती बिल्डर की सहयोगी है और उसने गार्ड व लोगों से अभद्रता की। इसके चलते उन्होंने सूरजपुर कोतवाली और फिर एसएसपी आवास पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। सोमवार सुबह एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की।
दूसरी तरफ, युवती व उसके पक्ष के लोग व कुछ महिलाएं भी एसएसपी कार्यालय में पहुंची और दूसरे पक्ष के लोगों पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। एक महिला ने एओए (अपार्टमेंट ऑनर एसोसिएशन) के लोगों पर युवती से अभद्रता का विरोध करने पर उससे भी अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। वहीं, युवती ने शिकायत दी कि एओए के लोगों के कारण उसकी जान को खतरा है। युवती ने कार्रवाई न करने पर आत्महत्या करने की चेतावनी भी दी।
---
एवीजे हाइट्स सोसायटी के लोगों में पुराना विवाद चल रहा है। रविवार रात भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। जांच कर मामले में कार्रवाई की जाएगी। - अमित किशोर श्रीवास्तव, सीओ ग्रेटर नोएडा प्रथम ।