चार नाबालिग समेत आठ आरोपी गिरफ्तार
मोती नगर में कांवड़ियों के हंगामे का मामला
कार टच होने पर गिर गया था जल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। कांवड़ यात्रा के दौरान मोती नगर में बवाल कर कार तोड़ने के मामले में पुलिस ने चार नाबालिग समेत आठ लोगों को दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमन कुमार (19), सचिन (25) विशाल (20) और जितेंद्र (19) व चार नाबालिगों के रूप में हुई है। पुलिस की मानें तो घटना वाले दिन अमन का जल गिर गया था, जिसके बाद सभी ने हंगामा शुरू कर दिया। बाद में कार सवार युवती व युवक को भागकर जान बचानी पड़ी। इन लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में आधा घंटा हंगामा किया।
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त विजय कुमार ने बताया कि बवाल की खबर मिलने के बाद पुलिस ने 9 अगस्त को राहुल उर्फ बिल्ला को गिरफ्तार किया। उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई तो आरोपी ने खुलासा किया कि हंगामा करने वाले सभी कांवड़िये मोती नगर से नजफगढ़ के बीच की कॉलोनियों के हैं। लोकल पुलिस के अलावा स्पेशल स्टाफ को भी छानबीन में लगाया गया। पुलिस ने घटना स्थल पर लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और कांवड़ शिविर से जानकारियां जुटाईं, जिसके बाद सोमवार को योगेश को दबोच लिया गया। उससे जानकारियां जुटाने के बाद एक टीम का गठन कर सोमवार रातभर छापेमारी की गई।
पुलिस ने नजफगढ़, द्वारका सेक्टर-3, निखिल विहार व अन्य जगहों पर लोगों से गली-गली जाकर पूछताछ की। सोमवार देर रात बाकी आरोपियों समेत मुख्य आरोपी अमन को पुलिस ने दबोच लिया। अमन ने बताया कि घटना वाले दिन उससे ही कार टच हुई थी, जिससे जल गिर गया था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अमन को रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की जाएगी।