इवेंट ऑर्गनाइजर से कार-नकदी लूटने वाले चार धरे
नई दिल्ली। निहाल विहार में इवेंट ऑर्गनाइजर से कार और नकदी लूटने के मामले को पुलिस ने महज 24 घंटे में सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने वारदात में शामिल गैंग के चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने पीड़ित की कार, नकदी के अलावा नौ दोपहिया वाहन, दो मोबाइल फोन, एक कट्टा और दो कारतूस बरामद किए हैं।
बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त सेजू पी कुरुविला ने बताया कि बदमाशों की पहचान ओम विहार निवासी सूरज, हस्तसाल उत्तम नगर निवासी जतिन, कुशलेंद्र और आशुतोष के रूप में हुई है। पंजाबी बाग निवासी विपिन अग्रवाल इवेंट ऑर्गनाइजर है। 13 अगस्त की तड़के चार बजे वह अपने दोस्त राहुल को ग्रेटर कैलाश से तिलंगपुर कोटला छोड़ने के बाद निहाल विहार डीडीए पार्क के पास पहुंचा। इसी दौरान बाइक और स्कूटी सवार चार बदमाशों ने उसकी कार रोक ली और मारपीट करने के बाद कार, 40 हजार रुपये और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। ब्यूरो