खुद को गोली मारने के मामले में तीन पर केस
दूसरे पक्ष को फंसाने की कोशिश की थी, वायरल हो गया था वीडियो
अमर उजाला ने 29 जुलाई को प्रमुखता से प्रकाशित की थी खबर
अमर उजाला ब्यूरो
रबूपुरा। मिर्जापुर गांव में 25 जुलाई को हुक्का चोरी को लेकर हुए झगड़े में एक पक्ष के युवक ने खुद को गोली मारकर दूसरे पक्ष को फंसाने की कोशिश की थी। यह घटना किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर वायरल कर दी। अमर उजाला में 29 जुलाई को ‘ले लग गई गोली... रिपोर्ट कराने चलो’ शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी। अब इस मामले में एसएसपी के निर्देश पर गोली मारने वाले युवक समेत तीन के खिलाफ हत्या की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कोतवाली क्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी देवन पुत्र चंद्रपाल व देवन पुत्र महेश साझेदारी में गांव में कबाड़ की दुकान चलाते हैं। 20 दिन पूर्व गांव के ही निंदो का हुक्का चोरी हो गया था। निंदो ने देवन पुत्र चंद्रपाल पर चोरी का हुक्का खरीदने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस से शिकायत की थी। बाद में गांव के लोगों ने दोनों के बीच समझौता करा दिया था। 25 जुलाई को निंदो पक्ष के लोगों और देवन पुत्र महेश पक्ष के लोगों में कहासुनी और विवाद हो गया।
इसी दौरान देवन पुत्र महेश ने तमंचे से अपनी बाजू पर गोली मार ली और दूसरे पक्ष के लोगों पर गोली मारने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत कर दी। देवन के खुद को गोली मारने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने पर एसएसपी ने मामले में संज्ञान लेते हुए एफआईआर के निर्देश दिए। कोतवाली प्रभारी राजवीर चौहान ने बताया कि मिर्जापुर गांव निवासी सुरेंद्र कुमार की शिकायत पर देवन पुत्र चंद्रपाल, देवन पुत्र महेश व लाला के खिलाफ हत्या की कोशिश में मामला दर्ज कर लिया गया है।