मेट्रो का केबल चुराने वाले चार बदमाश गिरफ्तार
नई दिल्ली। ओखला विहार मेट्रो स्टेशन पुलिस ने केबल चोरी करने वाले गैंग के चार चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने इनके पास से 60 फीट केबल बरामद की है, जिसकी कीमत एक लाख रुपये बताई जा रही है।
मेट्रो पुलिस उपायुक्त दीपक गौरी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों की पहचान बागपत निवासी आबिद(23) और जसोला गांव निवासी सुमित(20) के रूप में हुई है। आबिद कबाड़ी का काम करता है। वहीं, सुमित अपने पिता के साथ जूते की मरम्मत का काम करता है।
पुलिस के अनुसार मई माह में बदमाशों ने ओखला विहार मेट्रो स्टेशन के स्टोर से कॉपर की केबल चोरी कर ली थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 27 जुलाई की रात पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग मेट्रो ट्रैक पर घूम रहे हैं। ओखला विहार मेट्रो थाना के प्रभारी अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे और संदिग्ध युवकों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों से 60 फीट का केबल बरामद किए गए। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों पर आधा दर्जन से अधिक सेंधमारी और झपटमारी के मामले दर्ज हैं।