आठ दिन से पहले घर से छात्रा को किया अगवा
- पीड़ित परिजनों को दी गोली मारने की धमकी
अमर उजाला ब्यूरो
दादरी।
नगर के एक मोहल्ले से आठ दिन पहले घर से छात्रा को अगवा करने का मामला सामने आया है। दो माह बाद उसकी शादी होनी थी। पीड़ित परिजनों का आरोप है कि आरोपी शादी के लिए रखे गहने और बारह हजार रुपये भी ले गया है। आरोपी ने पुलिस से शिकायत करने पर गोली मारने की धमकी दी है। आठ दिनों तक छात्रा का कोई सुराग न लगने पर परिजनों ने आरोपी वसीम के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है।
पुलिस ने बताया कि दादरी नगर के एक मोहल्ले में रहने वाला व्यक्ति की बेटी 12वीं पास कर आगे पढ़ाई कर रही है। वसीम नामक युवक जीटीरोड पर कोतवाली के सामने मीट की दुकान करता है। आठ दिन पहले रात के समय छात्रा का घर से अपहरण करके ले गया। सुबह होने पर छात्रा के घर से गायब होने के बारे में पता चला। परिजन छात्रा के तलाश में जुट गए। अक्तूबर में छात्रा की शादी होनी थी। आरोपी लाखों रुपये की ज्वेलरी ओर 12 हजार की नकदी भी ले गया। दो दिन बाद अनजान फोन से लड़की के परिजनों पर कॉल आई कि अगर लड़की के गायब होने की सूचना पुलिस को दी तो गोली मार कर दी जाएगी। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ दादरी पुलिस को तहरीर दे दी है। दादरी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राम सेन सिंह ने बताया कि जांच के उपरांत रिपोर्ट कर कार्रवाई की जाएगी।