गुड़गांव, फरीदाबाद के लिए जरूरी....
व्यवसायी को अगवा कर लूटपाट करने वाले मां-बेटे गिरफ्तार
- दो माह पहले दिल्ली एयरपोर्ट से व्यवसायी को उठा ले गए थे मेवात गिरोह के बदमाश
- पुलिस ने 50-50 हजार रुपये का रखा था दोनों आरोपियों पर इनाम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दो माह पहले दिल्ली एयरपोर्ट से व्यवसायी को अगवा करने के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मेवाती गिरोह के लिए काम करने वाले मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ व्यवसायी को मेवात ले जाकर उसके साथ लूटपाट की थी। दिल्ली पुलिस ने आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम रखा हुआ था। बेटे के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
स्पेशल सेल डीसीपी प्रमोद कुशवाह के अनुसार बदमाशों का दबोचने के लिए इंस्पेक्टर शिव कुमार व इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह की विशेष टीम बनाई गई। करीब दो महीने की तफ्तीश के बाद पुलिस को सात जुलाई को सूचना मिली थी कि मेवात गिरोह का बदमाश अकरम दिल्ली-एनसीआर में वारदात के लिए घूम रहा है। पुलिस ने बदरपुर बॉर्डर से अकरम को दबोच लिया। आठ जुलाई को सरायकालेखा बस अड्डे से पलवल, हरियाणा निवासी अकरम की मां मेमन को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मेमन अपह्त किए गए व्यवसायी को अपने घर में रखती थी। इसके बाद पिस्टल के बल पर व्यवसायी को लूट लेते थे।
आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि अकरम ने अपने साथी मो. तौहिद, नदीम उर्फतोलू, मुफीद व अजरुद्दीन के साथ दिल्ली एयरपोर्ट से इंदौर के व्यवसायी अभिषेक धारीवाल को अगवा किया था। व्यवसायी को सस्ते में स्क्रेप बेचने के बहाने उसे दिल्ली बुला लिया था। आरोपी व्यवसायी अभिषेक को नुंह, मेवात ले गए थे। यहां व्यवसायी को मारने की धमकी दी गई और उससे पिस्टल के बल कैश व एटीएम कार्ड लूट लिया था। इसके बाद व्यवसायी के कार्ड से आरोपी लाखों की खरीददारी कर लिए थे। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा आरोपी तौहिद को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में अजरुद्दीनर, मफीद व नदीम अभी तक फरार हैं। अकरम के खिलाफ अपहरण, आर्म्स एक्ट, डकैती व चोरी व समेत पांच आपराधिक मामले दर्ज है।