गाजियाबाद के लिए
----------
हेडिंग: लघुशंका के लिए रुके अधिकारी से कार लूटी
सेक्टर-121 के पास हुई घटना, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। बाइक सवार बदमाशों ने शुक्रवार रात सेक्टर-121 स्थित पर्थला चौक के पास एक कंपनी अधिकारी से गन प्वाइंट पर स्विफ्ट कार लूट ली। पीड़ित ने घटना की शिकायत कोतवाली फेस-3 पुलिस से की है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार तलाश रही है।
पुलिस के मुताबिक, गाजियाबाद निवासी सुमित गोयल एक निजी कंपनी में अधिकारी हैं। शुक्रवार रात को वह कार से ग्रेटर नोएडा एक शादी में शामिल होने गए थे। रात में वह शादी से निकलकर ग्रेटर नोएडा से गाजियाबाद के लिए वापस लौट रहे थे। रात करीब साढ़े दस बजे पर्थला चौक के पास लघुशंका के लिए रुके थे। इस दौरान बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और उनसे हाथापाई कर गन प्वाइंट पर उनकी स्विफ्ट कार लूटकर ले गए। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। एसएचओ फेस-3 अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर कार बरामद कर ली जाएगी।