छेड़छाड़ के बाद विवाहिता के परिजनों से मारपीट
चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर, जांच में जुटी पुलिस
तावडू। उपमंडल के एक गांव में विवाहिता से छेड़छाड़ और उसके परिजनों से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
पीड़िता ने बताया कि 20 फरवरी की दोपहर में वह पानी भरने के लिए नलकूप पर गई थी। इस दौरान पीछे से आरोपी तारिफ व इमरत अचानक आए और उसे जबरन खींचने का प्रयास करने लगे। किसी तरह वह जान बचाकर भाग निकली और अपने पति को घटना के बारे में बताया। पीड़िता का आरोप है कि घटना के कुछ देर बाद आरोपी अपने परिजनों के साथ उसके घर पहुंचा और लाठी डंडे व सरिया से उसके पति पर जानलेवा हमला कर दिया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें बचाया। पीड़िता का आरोप है कि किसी तरह की कार्रवाई करने पर आरोपियों ने उसे और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर आरोपी तारिफ, इमरत, मजीद व जुहू के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।