अमरोहा के ध्यानार्थ
----------------
पति ने पत्नी को फोन पर दिया तीन तलाक
- ससुर ने पुलिस से मारपीट व उत्पीड़न की शिकायत की
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। तीन तलाक पर कानून बनने के बाद भी एक कारोबारी ने फोन पर पत्नी को तीन तलाक दे दिया। आरोपी पर बच्चा न होने से नाराजगी और पत्नी से मारपीट करने का भी आरोप है। इससे महिला सदमे में है। महिला का जेपी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पीड़िता के पिता ने कोतवाली सेक्टर-49 में मामले की शिकायत की है।
सेकटर-49 निवासी जीवन खां नर्सरी चलाते हैं। उन्होंने बेटी नजमी की शादी 2008 में अमरोहा निवासी आतिफ के साथ की थी। आसिफ का अमरोहा में जूते का शोरूम है। आरोप है कि शादी के कई साल बाद भी बच्चा न होने से आसिफ उसे प्रताड़ित करने लगा। वह आए दिन नजमी से मारपीट करता है। मारपीट से नजमी के सिर में गंभीर चोटें आई। इससे वह मानसिक रूप से असंतुलित हो गई। इस पर जीवन खां उसे अपने साथ घर ले आए। उन्होंने बताया कि बीते दिनों आरोपी ने पत्नी के पास फोन किया और तीन बार तलाक बोलकर तमाम रिश्ते खत्म होने की बात कही। पत्नी तलाक मानने से इनकार कर दिया। कोतवाली सेकटर-49 के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि मामले की तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। जल्द ही मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।
विरोध पर दी जान से मारने की धमकी
जीवन खां ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने पत्नी को फोन पर चार बार तीन तलाक दिया। इसके बाद 11 मार्च को ससुराल पहुंच गया। यहां उसने परिजनों के सामने पत्नी को तीन तलाक दे दिया। विरोध करने पर आरोपी ने पत्नी और सास के साथ जमकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।